Jhunjhunu news

Video News : दो साल से नाबालिग लड़की का पीछा कर रहा था युवक, आज आया पकड़ में

Video News : दो साल से नाबालिग लड़की का पीछा कर रहा था युवक, आज आया पकड़ में

नाबालिग का पीछा करने वाले युवक को पकड़ा, लोगों ने सौंपा पुलिस को,अभद्र इशारे करने का आरोप

चिड़ावा शहर में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां पिछले करीब दो वर्षों से एक नाबालिग बच्ची का पीछा कर रहे युवक को मोहल्ले वालों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

इस पूरे मामले में बच्ची की बहादुरी और सतर्कता से आरोपी की करतूत सामने आ सकी।

दो साल से कर रहा था पीछा

जानकारी के अनुसार चिड़ावा शहर के एक वार्ड में रहने वाली एक नाबालिग बच्ची का एक युवक पिछले करीब दो वर्षों से पीछा कर रहा था और उस पर अभद्र इशारे करने के आरोप हैं।

बच्ची ने इस बात की शिकायत कई बार अपने परिजनों और स्कूल प्रशासन से भी की थी।

पानी पूरी खाते समय फिर की हरकत

शुक्रवार दोपहर बच्ची अपने घर के बाहर ठेले पर पानी पूरी खा रही थी

इसी दौरान आरोपी युवक वहां पहुंचा और बच्ची की ओर अभद्र इशारा कर वहां से निकल गया।

इस घटना से घबराकर बच्ची जोर-जोर से चिल्लाते हुए अपने घर की ओर दौड़ गई

परिजन और मोहल्ले वाले पीछे दौड़े

बच्ची ने तुरंत अपने परिजनों को बताया कि वही युवक जो लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था, अभी घर के सामने से निकला है और उसने फिर से गलत इशारा किया है।

यह सुनते ही परिजन और मोहल्ले के लोग युवक के पीछे दौड़ पड़े

मुख्य बाजार में पकड़ा गया आरोपी

भागते हुए युवक को मुख्य बाजार में पुनिया कॉम्प्लेक्स के सामने लोगों ने घेर लिया और पकड़ लिया।

इसके बाद चिड़ावा पुलिस थाने को सूचना दी गई

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एएसआई प्रताप कुमार और अमित सिहाग ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आरोपी युवक को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।

नारी गांव का रहने वाला है आरोपी

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान विनोद (24 वर्ष), निवासी नारी गांव के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले वह चिड़ावा कोर्ट के पास एक चाय के ठेले पर काम करता था।

बच्ची की बहादुरी की हो रही चर्चा

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर बच्ची हिम्मत नहीं दिखाती और तुरंत जानकारी नहीं देती तो आरोपी की हरकतें जारी रह सकती थीं।

घटना के बाद पूरे मोहल्ले में बच्ची की बहादुरी की चर्चा हो रही है और लोगों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Source link

Leave a response —

Your email address will not be published. Required fields are marked *