Jhunjhunu news

झुंझुनूं में बढ़ते तापमान के बीच स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, हीट वेव से बचाव को लेकर एडवाइजरी जारी

झुंझुनूं में बढ़ते तापमान के बीच स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, हीट वेव से बचाव को लेकर एडवाइजरी जारी

झुंझुनूं। जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के असर को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे इस मौसम में विशेष सावधानी बरतें, ताकि हीट वेव से होने वाली गंभीर बीमारियों से बचा जा सके।

सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। यदि बाहर जाना जरूरी हो, तो सिर को कपड़े या टोपी से ढकें और हल्के, ढीले व सूती कपड़े पहनें। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए अधिक मात्रा में पानी, छाछ, नींबू पानी और ओआरएस का सेवन करने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जो लोग तेज धूप में काम करते हैं, उन्हें समय-समय पर छांव में विश्राम करना चाहिए और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेते रहना चाहिए। खास तौर पर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का इस मौसम में विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।

हीट वेव से बचाव के लिए क्या करें और क्या न करें:

क्या करें:

  • दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
  • धूप से बचें और अधिक समय छांव में रहें
  • बाहर जाते समय सिर को ढककर रखें
  • हल्का और सुपाच्य भोजन करें

क्या न करें:

  • खाली पेट धूप में बाहर न निकलें
  • ज्यादा तली-भुनी और भारी भोजन से बचें
  • शराब, चाय और कॉफी का अत्यधिक सेवन न करें

विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। समय पर उपचार मिलने से हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति से बचाव संभव है।

इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में दवाओं, आइस पैक, त्रिपाल और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही पीने के ठंडे पानी, वार्ड में पंखे-कूलर और मरीजों के परिजनों के बैठने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. भंवर लाल सर्वा ने सीएचसी बगड़ और एसडीएच चिड़ावा का दौरा कर हीट वेव से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे खुद सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि गर्मी के इस मौसम में किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

Source link

Leave a response —

Your email address will not be published. Required fields are marked *