Video News : घर में नहीं पहुंचा पानी तो महिलाओ ने महिला JEN की आँखों से निकाला पानी !
झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ क्षेत्र की ढाणियां पंचायत में लंबे समय से चल रहे पेयजल संकट को लेकर महिलाओं का गुस्सा सड़क पर उतर आया।
मिली जानकारी के अनुसार मौके पर पहुंचीं JEN अंतरा मीणा को महिलाओं ने घेर लिया और जमकर नाराजगी जताई। विरोध इतना बढ़ गया कि आखिरकार जेईएन भावुक होकर रो पड़ीं।
पांच-छह महीनों से पानी का संकट
ग्रामीणों के अनुसार ढाणियां पंचायत में पिछले 5 से 6 महीनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि घरों में पीने तक का पानी नहीं पहुंच रहा, जिसके चलते निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।
महिलाओं ने गाड़ी घेरकर जताया विरोध
जैसे ही जेईएन अंतरा मीणा मौके पर पहुंचीं, महिलाओं ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया।
महिलाएं लगातार अपनी परेशानी बताते हुए कहती रहीं
“हमारे घरों में पानी नहीं आ रहा”,
“टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है”,
“इतने दिनों से कोई सुनवाई नहीं हो रही।”
भावुक हुईं JEN अंतरा मीणा
लगातार विरोध और आरोपों के बीच माहौल अचानक बदल गया।
महिलाओं की बातें सुनते-सुनते JEN अंतरा मीणा की आंखों से आंसू निकल पड़े।
इस दौरान एक महिला ने भावुक होकर कहा
हम तो कई दिनों से रो रहे हैं, तुम तो आज ही रो रही हो।
अभद्र व्यवहार का लगाया आरोप
जेईएन अंतरा मीणा ने फोन पर अधिकारियों को जानकारी देते हुए कहा कि उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और हाथ उठाने की कोशिश भी हुई।
हालांकि मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने बीच-बचाव कर माहौल शांत करवाया और कहा कि किसी तरह की हाथापाई नहीं हुई ।
भाजपा नेता ने भी उठाए सवाल
भाजपा नेता राजेश कटेवा भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों का समर्थन किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही के कारण गांव के हालात बिगड़ रहे हैं और गांव का पानी शहर में सप्लाई किया जा रहा है।
500 परिवार प्रभावित होने का दावा
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ढाणियां पंचायत के लिए बने ट्यूबवेलों का पानी शहर की ओर भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस समस्या से करीब 500 परिवार प्रभावित हैं।
ग्रामीणों का कहना है —
“ढाणी प्यासी है और पानी शहर जा रहा है।”
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
नवलगढ़ की ढाणियां पंचायत का यह पूरा घटनाक्रम अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में महिलाएं पानी की समस्या को लेकर नाराजगी जताती नजर आ रही हैं।





