19 मार्च से शुरू होगा जीण माता मेला, सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी
सीकर जिले में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध जीण माता मेले की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर ने बताया कि 19 मार्च 2026 से शुरू होने वाले मेले की तैयारियां तुरंत प्रभाव से शुरू की जाएं और पिछले वर्ष हुई अव्यवस्थाओं से सबक लेते हुए सभी विभाग अपने दायित्वों का पूरी तरह पालन करें।
मेले के अंतिम दिनों में बढ़ती है श्रद्धालुओं की भीड़
कलेक्टर ने कहा कि मेले के अंतिम तीन दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रहती है। ऐसे में इन दिनों अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाएगा।
उन्होंने कोछोर–जीण माता मार्ग पर पत्थर भरकर चलने वाले ट्रोलों की आवाजाही कम करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
सड़क, बिजली और पानी की व्यवस्था के निर्देश
बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़क के पेचवर्क कार्य जल्द पूरा करने और सड़क किनारे उगी झाड़ियों को हटाने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही बिजली और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
अस्थायी शौचालय और अग्निशमन व्यवस्था
कलेक्टर ने नगर परिषद आयुक्त को मेले में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध कराने और श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी शौचालय लगाने के निर्देश दिए।
वहीं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम गठित कर उपखंड अधिकारी और थाना प्रभारी के समन्वय से तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास के अस्पतालों को भी आपात स्थिति में उपचार व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शराब की दुकानें रहेंगी बंद
मेले के दौरान डेयरी बूथ लगाने, शराब की दुकानों को बंद रखने और आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए ग्राम पंचायत व पशुपालन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों को खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच करने के लिए भी कहा गया है।
मेले में हथियारों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने बताया कि मेले में सिविल डिफेंस के वॉलंटियर्स भी तैनात किए जाएंगे।
कलेक्टर मुकुल शर्मा ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार के हथियारों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और इस संबंध में बत्तीसी संघ को भी अवगत करा दिया गया है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एडीएम सिटी भावना शर्मा, सीईओ जिला परिषद राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़, अधीक्षण अभियंता जेपी यादव और सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply