चूरू के सदर थाना क्षेत्र के बूंटिया गांव में एक 30 वर्षीय युवक ने अपने घर में आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह परिजनों ने उसे कमरे में फंदे पर लटका हुआ पाया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रणजीत के रूप में हुई है, जो मजदूरी करता था। वह रविवार रात को ही नेपाल से घर लौटा था।
सोमवार सुबह देर तक जब वह नहीं उठा, तो उसकी छोटी भतीजी उसे जगाने गई।दरवाजा बंद होने पर उसने परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी। परिजनों ने खिड़की तोड़कर देखा तो रणजीत कमरे में फंदे पर लटका हुआ था।घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। पुलिस टीम शव को डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर प्रशिक्षु आरपीएस स्वाति बुरी भी अस्पताल पहुंचीं और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने युवक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।
Leave a Reply