झुंझुनूं में ब्राह्मण समाज को बड़ी सौगात, छात्रावास के लिए 1500 वर्गमीटर भूमि आवंटित
राजस्थान सरकार ने सामाजिक उत्थान की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए झुंझुनूं शहर में ब्राह्मण समाज को बड़ी सौगात दी है। रजिस्टर्ड संस्था विप्र कल्याण संस्थान को छात्रावास निर्माण के लिए 1500 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन के सहयोग और संस्थान की कार्यकारिणी के लगातार प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि पिछले करीब 35 वर्षों से ब्राह्मण समाज शहर मुख्यालय पर भवन और छात्रावास निर्माण के लिए भूमि की मांग कर रहा था। अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा इस मांग को पूरा किए जाने से समाज में खुशी की लहर है।
इस उपलब्धि में संस्थान के अध्यक्ष कमल कांत शर्मा, मंत्री उमाशंकर महमिया, संरक्षक जयप्रकाश शर्मा, रामगोपाल महमिया, राकेश सहल और विकास पुरोहित सहित कई पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही है, जिन्होंने लगातार प्रयास कर इस कार्य को संभव बनाया।
परशुराम जयंती के अवसर पर सेठ मोतीलाल स्टेडियम के पीछे स्थित इस भूमि पर भगवान परशुराम का पूजन कर जन्मोत्सव भी मनाया गया। संस्थान अध्यक्ष कमल कांत शर्मा ने बताया कि जल्द ही इस भूमि पर भव्य छात्रावास और भवन निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही जिलास्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें जिलेभर के समाज के प्रमुख लोग भाग लेंगे।
प्रस्तावित छात्रावास में जिले के विद्यार्थियों को रहने की सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी शिक्षा में मदद होगी और बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। यह भवन शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस निर्णय के बाद पूरे जिले के ब्राह्मण समाज में उत्साह का माहौल है। समाज के लोगों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए इसे एक ऐतिहासिक पहल बताया है।




