चूरू में जमीन विवाद ने लिया गंभीर रूप, पीड़ित ने डीजीपी से मांगी सुरक्षा
राजस्थान के चूरू जिले के रतनगढ़ शहर में जमीन विवाद अब गंभीर और चिंताजनक मोड़ लेता जा रहा है। पंचायत समिति रोड निवासी गोविंद सिंह ने खुद और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), जयपुर को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है।
गोविंद सिंह का आरोप है कि स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने अपने ज्ञापन में बताया कि रतनगढ़ क्षेत्र में उनकी एक जमीन है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
पीड़ित के अनुसार, इस मामले में भरपालसर निवासी ललित सिंह ने पहले जमीन का सौदा किया, लेकिन बाद में विवाद खड़ा कर दिया। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति के साथ मिलकर उस जमीन की सीधी रजिस्ट्री भी करवा ली गई।
घटनाक्रम के मुताबिक, 15 अप्रैल को जब गोविंद सिंह अपनी दूसरी जमीन पर गए, तो एक युवक ने उनकी गाड़ी को बीच रास्ते में रोक लिया और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके अगले दिन, 16 अप्रैल को उन्हें सूचना मिली कि उनकी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। इस दौरान उन पर हमले का प्रयास किया गया और उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई।
पीड़ित का कहना है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे उनका परिवार भी भयभीत है। उन्होंने इस पूरी घटना की सूचना राजलदेसर पुलिस को दी, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
गोविंद सिंह ने डीजीपी से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें व उनके परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
शेखावाटी लाइव के लिए रतनगढ़ से सुभाष प्रजापत की रिपोर्ट




