Siker news

Sikar News : सम्पर्क पोर्टल शिकायतें 10 दिन में निपटाएं

Sikar News : सम्पर्क पोर्टल शिकायतें 10 दिन में निपटाएं

कलेक्टर ने कहा—जन शिकायतों का 10 दिन में समाधान जरूरी
सीकर जिला कलेक्ट्रेट में सोमवार को जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में राजस्थान सम्पर्क पोर्टल, बिजली-पानी व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।


10 दिन से ज्यादा शिकायतें लंबित नहीं रहें

कलेक्टर मुकुल शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का 10 दिन के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए

उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण करते समय साक्ष्य के रूप में दस्तावेज और फोटो भी पोर्टल पर अपलोड किए जाएं, ताकि संतुष्टि स्तर बेहतर हो सके।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि एक ही शिकायत को बार-बार अलग-अलग विभागों में ट्रांसफर नहीं किया जाए। यदि मामला किसी अन्य विभाग का है तो 1–2 दिन में ही स्थानांतरण की कार्रवाई की जाए।


निर्देशों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई

कलेक्टर ने चेतावनी दी कि मुख्यमंत्री कार्यालय और शासन सचिव स्तर से भी शिकायतों का सत्यापन किया जा रहा है

उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी निर्देशों की अनदेखी करता है तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में रोडवेज और उद्यान विभाग के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।


पेयजल व्यवस्था और योजनाओं की भी समीक्षा

बैठक में जलदाय विभाग को पेयजल आपूर्ति नियमित रखने और संभावित जल संकट वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

साथ ही पीएम आवास योजना (शहरी व ग्रामीण), आरडीएसएस, लाडो योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, स्वच्छ भारत मिशन और नमो दीदी योजना जैसी फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।


हरियालो राजस्थान अभियान की तैयारी

अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने उद्यान, वन, शिक्षा और पंचायतराज विभाग को हरियालो राजस्थान अभियान के तहत चयनित गांवों में पौधारोपण की तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए।

सहकारिता विभाग को किसानों के पंजीयन कार्य में तेजी लाने और 1 अप्रैल से 17 समर्थन मूल्य केंद्रों पर खरीद शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।


बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में सीईओ जिला परिषद राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़, एडीएम सिटी भावना शर्मा, सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a response —

Your email address will not be published. Required fields are marked *